छत्तीसगढ़दुर्गदुर्ग-भिलाई विशेष

दुर्ग में जेल रोड से पुलगांव मार्ग निर्माण बना जी का जंजाल, बार-बार लग रहा बिजली-पानी का शटडाउन!

धीमी निर्माण गति से पाँच वार्डों के हजारों रहवासी हलाकान; ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और पाइपलाइन के नाम पर रोज़ घंटों ठप हो रही बुनियादी सप्लाय।

दुर्ग – छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से एक बड़ी जन-समस्या सामने आ रही है। जेल रोड से पुलगांव चौक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की कछुआ चाल और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच आपसी तालमेल की भारी कमी के कारण स्थानीय जनता का जीना मुहाल हो गया है। सड़क निर्माण के इस लंबे खिंचते प्रोजेक्ट की वजह से आसपास के पाँच वार्डों के हजारों रहवासी पिछले कई हफ़्तों से गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
समस्या सिर्फ उखड़ी हुई सड़कों या उड़ती धूल तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण के दौरान अलग-अलग विभागों द्वारा बार-बार बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित की जा रही है। कभी सड़क किनारे लगे पेड़ों की डालियों की कटाई, कभी नई पाइपलाइन बिछाने, तो कभी नाली निर्माण और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के नाम पर विद्युत मंडल से लगातार घंटों का शटडाउन लिया जा रहा है। इस अनियोजित कार्यप्रणाली के चलते क्षेत्र के लोगों को रोज़ाना पांच से छह घंटे तक बिना बिजली और पानी के गुजारना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।
इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रशासन और निर्माण एजेंसी को घेरा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम और विद्युत मंडल के अधिकारियों से सीधे मांग की है कि सभी विभाग आपस में एक मजबूत समन्वय और तालमेल बनाकर काम करें, ताकि रोज़-रोज़ होने वाले इस शटडाउन से आम जनता को तुरंत राहत मिल सके और निर्माण कार्य भी समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।

Navin Dilliwar

Editor, thesamachaar.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!