छत्तीसगढ़दुर्गदुर्ग-भिलाई विशेष

महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त लीना कोसम ने वार्ड 39 व 38 का किया निरीक्षण, नागरिकों की समस्याएं सुनीं!

-जलकुंभी से पटा बैधनाथ पारा तालाब, महापौर ने निजी तालाब की अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, मालिक को किया तलब,तत्काल सफाई के दिए निर्देश,

-नाली निर्माण में स्लोप और सफाई व्यवस्था का रखें विशेष ध्यान, महापौर ने अधिकारी व ठेकेदार को दिए आवश्यक निर्देश,

दुर्ग/7 सितंबर। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत आज महापौर अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त लीना कोसम ने एमआईसी सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के साथ वार्ड क्रमांक 39 बैधनाथ पारा स्थित तालाब तथा वार्ड क्रमांक 38 महावीर कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, निलेश अग्रवाल, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, स्थानीय पार्षद गुलाब वर्मा, रामचंद्र सेन, उपायुक्त मोहेंद्र साहू, कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, सुरेश केवलानी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, उपअभियंता विकास दमाहे,कुणाल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

तालाब में जलकुंभी की समस्या पर तत्काल कार्रवाई

वार्ड क्रमांक 39 के पार्षद गुलाब वर्मा एवं वार्डवासियों द्वारा महापौर अलका बाघमार से मुलाकात कर बैधनाथ पारा स्थित तालाब में बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैलने तथा लंबे समय से सफाई नहीं होने की शिकायत की गई थी।

नागरिकों ने बताया कि जलकुंभी सड़ने के कारण तालाब के आसपास दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो रही है।
नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त लीना कोसम ने मौके पर पहुंचकर तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तालाब में फैली जलकुंभी को तत्काल हटाने तथा तालाब की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। महापौर ने निजी तालाब की अव्यवस्था पर नाराजगी, मालिक को किया तलब।

उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता एवं नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। तालाबों की नियमित सफाई एवं देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नाली निर्माण में स्लोप का रखें विशेष ध्यान,

इसके पश्चात महापौर एवं आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 38 महावीर कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों तथा ठेकेदार को निर्देशित किया कि नाली निर्माण के दौरान उचित स्लोप का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नाली में पानी का जमाव न हो और पानी का निकास सुचारू रूप से हो सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाली निर्माण के दौरान कई स्थानों पर घरों के गेट के सामने बनाए गए बड़े स्लोप को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बड़े स्लोप के कारण नाली की सफाई करने में सफाई कर्मियों को परेशानी होगी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों के ऊपर उचित आकार की जाली लगाई जाए, जिससे सफाई कर्मी आसानी से नाली की सफाई कर सकें और भविष्य में नाली में कचरा जमा होने की समस्या भी कम हो।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नाली एवं सड़क जैसे मूलभूत निर्माण कार्य सीधे तौर पर नागरिकों की सुविधा से जुड़े हुए हैं। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ-साथ भविष्य की सफाई एवं रखरखाव को भी ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को लंबे समय तक मिले, इसके लिए अधिकारी मौके पर रहकर कार्यों की सतत निगरानी करें।

आयुक्त लीना कोसम ने कहा कि निगम क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

Navin Dilliwar

Editor, thesamachaar.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!