रिमझिम सावन मेला दुर्ग 2026 का भव्य समापन, नारी जागरूकता की गूंज से सजा सावन मेला! पढ़े ख़बर

-रिमझिम सावन मेला 2026 का भव्य समापन,नारी जागरूकता की गूंज से सजा सावन मेला,
-फैशन शो, चमच दौड़ और कुर्सी दौड़ के विजेताओं का हुआ सम्मान,ओम योग नृत्य व सावन थीम ने मोहा मन,
-लोकनृत्य, भजन और नारीशक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,
दुर्ग/22 अगस्त। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित दो दिवसीय रिमझिम सावन मेला 2026 का भव्य समापन शनिवार को हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने की। महापौर ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि रिमझिम सावन मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुर्ग की आत्मा, परंपरा और लोकसंस्कृति का जीवंत प्रमाण है। सावन माह में आयोजित यह उत्सव समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने सावन माह के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।
ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि रिमझिम सावन मेला हर वर्ष दुर्गवासियों के लिए नई उमंग और उत्साह लेकर आता है। यह आयोजन मनोरंजन के साथ-साथ लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम बन गया है। उन्होंने कहा कि इस मेले ने दुर्ग शहर की सांस्कृतिक पहचान को एक नई दिशा और नए आयाम दिए हैं,सावन माह के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि सावन उत्सव हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करता है।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा रिमझिम सावन मेला के माध्यम से महिलाओं और नागरिकों को अपनी प्रतिभा, कला और संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान किया गया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
नारी जागरूकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां,ओम योग नृत्य एवं सावन थीम पर जागृति महिला समिति की महिलाओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर नारी जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में सावन मेला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
महापौर अलका बाघमार द्वारा संस्कृति विभाग प्रभारी श्रीमती हर्षिका संभव जैन, महिला एवं बाल विभाग प्रभारी श्रीमती शशि साहू के साथ प्रतियोगिताओं का किया सम्मान,प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान
फैशन शो में क्षमा देशमुख ने प्रथम और पूजा साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चमच दौड़ में विद्या नामदेव प्रथम एवं देवकी सिन्हा द्वितीय रहीं। वहीं कुर्सी दौड़ में उमेश्वरी साहू ने प्रथम तथा आशा यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार जीते।
समापन समारोह में हजारों की संख्या में नागरिक शामिल हुए। मंच पर एक के बाद एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकनृत्य, भजन, समूह गायन, स्किट और नारीशक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते और तालियां बजाते नजर आए। पूरे परिसर में सावन की उमंग, उल्लास और लोक संस्कृति की छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर सभापति श्याम शर्मा, आयुक्त मोहेंद्र साहू, संस्कृति विभाग प्रभारी श्रीमती हर्षिका संभव जैन, महिला एवं बाल विभाग प्रभारी श्रीमती शशि साहू सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण,अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।



