
नौकरी का झांसा देकर 11 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग – दुर्ग से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नौकरी लगाने के नाम पर करीब 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी लहनेदास मासुलकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उमेश मानिकपुरी ने नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे करीब 11 लाख रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई और रकम भी वापस नहीं की।
शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 473/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी उमेश मानिकपुरी, उम्र 45 वर्ष, को 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
विवेचना के दौरान अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने संबंधी शिकायतों की जानकारी सामने आई है। वहीं, थाना नेवई क्षेत्र से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में भी जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी या सरकारी नियुक्ति के नाम पर किसी को भी रकम देने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर करें।



