छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई विशेषनवरात्री 2026

दुर्ग-भिलाई में प्रशासन की बड़ी लापरवाही: नवरात्रि में डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों को झेलनी होगी धूल भरी और जर्जर सड़कों की मुसीबत!

रायपुर नाका से पुलगांव बायपास तक गड्ढों का अंबार; स्ट्रीट लाइटें बंद होने से अंधेरे में सफर करने को मजबूर होंगे हजारों श्रद्धालु।

दुर्ग – शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले लाखों पदयात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए इस बार का सफर बेहद कष्टदायक होने वाला है। स्थानीय प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की भारी अनदेखी के कारण त्योहार की शुरुआत होने के बावजूद अब तक सड़कों की मरम्मत का काम पूरा नहीं किया जा सका है। दुर्ग और भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों से डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बार गड्ढों, उड़ती धूल और घने अंधेरे के बीच अपनी यात्रा पूरी करनी होगी।
सबसे बदतर स्थिति रायपुर नाका से शिवनाथ ब्रिज सड़क और जेल से पुलगांव बायपास रोड की है। ये दोनों मार्ग डोंगरगढ़ पदयात्रा के मुख्य रास्ते हैं, लेकिन वर्तमान में यह पूरी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उड़ती धूल के गुबार के कारण श्रद्धालुओं, खासकर पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए सांस लेना और चलना दूभर हो जाएगा। इसके अलावा, इन दोनों प्रमुख मार्गों की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें पिछले काफी समय से बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय पदयात्रियों के साथ किसी भी बड़ी अनहोनी या हादसे की आशंका बनी हुई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों और विभिन्न समितियों में भारी नाराजगी है। जय नवयुवक दुर्गा समिति पद्मनाभपुर सहित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मांग की गई है कि इन जर्जर सड़कों का तत्काल मेंटेनेंस कराया जाए, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत चालू किया जाए और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाया जाए। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो आस्था के इस बड़े पर्व पर श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

Navin Dilliwar

Editor, thesamachaar.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!