दुर्ग पुलिस बनी हाईटेक, AI से होगी आधुनिक पुलिसिंग! पढ़े ख़बर

1. SP दुर्ग के विजन से आधुनिक तकनीक से जुड़ेगी पुलिस
2. कंट्रोल रूम भिलाई में थानों के रीडर्स को दिया गया AI का व्यावहारिक प्रशिक्षण
3. शासकीय पत्र और प्रेस विज्ञप्ति अब कम समय में होंगे तैयार
4. गोपनीय जानकारी की सुरक्षा और तथ्यों के सत्यापन पर विशेष जोर

दुर्ग पुलिस में अब आधुनिक तकनीक का दौर शुरू हो गया है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के विजन और मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की पहल की गई है।
इसके तहत पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में जिले के विभिन्न थानों और कार्यालयों में पदस्थ रीडर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक ने बताया कि AI की मदद से शासकीय पत्र, प्रेस विज्ञप्ति, प्रतिवेदन और बैठक की कार्यवाही जैसे दस्तावेजों के प्रारूप कम समय में तैयार किए जा सकते हैं। साथ ही लंबे दस्तावेजों का सारांश भी आसानी से बनाया जा सकता है।
इस दौरान AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को लेकर भी निर्देश दिए गए। बताया गया कि केस डायरी, विवेचना से जुड़ी गोपनीय जानकारी और पीड़ितों की पहचान जैसे संवेदनशील डेटा को सार्वजनिक AI टूल पर साझा नहीं करना है और AI से तैयार किसी भी दस्तावेज का उपयोग करने से पहले तथ्यों का सत्यापन करना अनिवार्य होगा।



