महापौर अलका बाघमारछत्तीसगढ़दुर्गदुर्ग-भिलाई विशेष

त्योहारी सीजन में इंदिरा मार्केट की व्यवस्था सुधारने सड़क पर उतरीं महापौर अलका बाघमार, दो घंटे किया निरीक्षण!

 

-दुकानदार दुकान की सीमा में रखें सामान, सड़क पर अतिक्रमण करने पर होगी जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई,

दुर्ग। 11 अक्टूबर/नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट में त्योहारी सीजन के दौरान बाजार की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर अलका बाघमार ने बाजार एवं राजस्व विभाग प्रभारी शेखर चंद्राकर के साथ बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। महापौर ने करीब दो घंटे तक इंदिरा मार्केट फूल चौक से कुआं चौक होते हुए इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करने की सख्त हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क पर बाहर निकालकर व्यवसाय न करें। दुकान का सामान दुकान के भीतर ही रखें और सड़क की सीमा का पालन करें, ताकि बाजार में आने वाले नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सामान जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी।
महापौर ने बाजार विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास पसरा लगाने वालों को सड़क तक अतिक्रमण करने की अनुमति न दी जाए। बाजार क्षेत्र में नियमानुसार चूने से मार्किंग कराई जाए, ताकि पसरा लगाने के लिए निर्धारित सीमा स्पष्ट रहे और नागरिकों के आने-जाने के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी नियमित निगरानी करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

महापौर ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार की स्वच्छता, सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और सुगम यातायात सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वे निगम प्रशासन का सहयोग करें और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान राजस्व प्रभारी शेखर चंद्राकर, स्वास्थ्य प्रभारी नीलेश अग्रवाल, पार्षद रंजीता पाटिल तथा बाजार विभाग एवं तोड़ूदस्ता के अधिकारी-कर्मचारी परमेश्वर कुमार, अभिदय मिश्रा, शशि यादव सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।

Navin Dilliwar

Editor, thesamachaar.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!