भिलाई नगर निगम को मिला 22वां कमिश्नर: रोहित व्यास बने भिलाई नगर निगम के नए आयुक्त, पद संभालते ही किया मैराथन बैठकें….

नगर पालिक निगम के 22वें कमिश्नर रोहित व्यास ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके साथ भिलाई के तत्कालीन कमिश्नर लोकेश चंद्राकर दुर्ग नगर निगम के लिए रिलीव हो गए हैं। अब वे दुर्ग नगर निगम के कमिश्नर होंगे। भिलाई निगम को लंबे समय बाद आईएएस अधिकारी मिला है। इससे पहले यहां दो राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को प्रभार दिया गया था।
रोहित व्यास 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। 24 साल पुराने भिलाई नगर निगम की कमान एक बार फिर आईएएस अधिकारी को सौंपे जाने से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि निगम के जो काम धीमी गति से चल रहे थे उनमें तेजी आएगी। रोहित ऐसे अधिकारी हैं जो अपने निर्णय क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वे इससे पहले बस्तर के जिला पंचायत सीईओ थे। कमिश्नर रोहित व्यास ने सभी निगम अधिकारियों का परिचय जाना। उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली।
जॉइन करते ही बुलाई बैठक…..
नए निगम कमिश्नर रोहित व्यास ने पदभार संभालते ही निगम के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अवैध निर्माण का नियमितिकरण, गोधन न्याय योजना, सी-मार्ट, राजीव युवा मितान क्लब, आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना सहित कॉलोनी विकास व जर्जर सड़कों की जानकारी ली। बैठक में कमिश्नर ने साफ कहा है कि, वह काम पर विश्वास करते हैं, और उन्हें वही अधिकारी कर्मचारी पसंद हैं जो काम करते हैं।