राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन उपरांत विशेष हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान
शहर के 05 प्रमुख चौक-चौराहों पर दिन-रात सघन चेकिंग एवं निगरानी

▪️ 01 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक कुल 1112 प्रकरणों में की गई वैधानिक कार्यवाही
▪️ ई-डिवाइस के माध्यम से त्वरित एवं पारदर्शी ई-चालान की कार्यवाही
दुर्ग – राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन के पश्चात भी सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा दिनांक 01 फरवरी 2026 से विशेष प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु सघन चेकिंग की जा रही है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहर के ऐसे प्रमुख चौक-चौराहों को चिन्हित किया गया है, जहां यातायात दबाव अधिक रहता है तथा नियम उल्लंघन की संभावना बनी रहती है। इन सभी स्थानों पर दिन एवं रात्रि विशेष टीमों की तैनाती कर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

चेकिंग के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ई-डिवाइस के माध्यम से मौके पर ही नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो ली जा रही है तथा तत्काल ई-चालान की कार्यवाही की जा रही है। इस व्यवस्था से न केवल कार्यवाही त्वरित हो रही है, बल्कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा रही है।
दिनांक 01.02.2026 से 08.02.2026 तक संचालित इस विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 दोपहिया वाहन चालकों तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 162 चारपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है। इस प्रकार कुल 1112 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई कर यातायात नियमों के पालन को सख्ती से सुनिश्चित किया गया है।

प्रमुख चौक चौराहों पर चेकिंग का विवरण :-
(1) रेल चौक, सेक्टर-06, भिलाई
169 हेलमेट पर कार्यवाही
(2) मुर्गा चौक, सेक्टर-01, भिलाई
189 हिलमेट पर कार्यवाही
(3)डीपीएस चौक, भिलाई
193 हेलमेट पर कार्यवाही
(4) राजेंद्र पार्क चौक
191 हेलमेट पर कार्यवाही
(5) जुनवानी चौक
208 हेलमेट कार्यवाही
सराहनीय भूमिका :-
उक्त विशेष अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग की सभी चेकिंग टीमों एवं यातायात स्टाफ द्वारा अनुशासित, सतर्क एवं सक्रिय भूमिका निभाई गई। टीमों द्वारा लगातार फील्ड में उपस्थित रहकर नियम उल्लंघन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :-
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना अपनी जिम्मेदारी समझें। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। यह नियम केवल दंडात्मक नहीं, बल्कि जीवन रक्षक हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।



