दुर्ग साइंस कॉलेज में ‘विद्यावाणी’ ऑडियो-विजुअल स्टूडियो तैयार!
अब कभी भी, कहीं से पढ़ सकेंगे छात्र!

आज तीन कैबिनेट मंत्री करेंगे उद्घाटन
भिलाई – अब पढ़ाई केवल क्लासरूम तक सीमित नहीं रहेगी। दुर्ग साइंस कॉलेज ने उच्च शिक्षा को समय, स्थान और परिस्थितियों की बाधाओं से मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। कॉलेज परिसर में अत्याधुनिक ‘विद्यावाणी’ ऑडियों विजुअल स्टूडियो बनकर तैयार हो गया है, जिसका उद्घाटन शुक्रवार कैबिनेट मंत्रियों द्वारा किया जाएगा।
दुर्ग संभाग के शासकीय कॉलेजों में यह पहला ऑडियो-विजुअल स्टूडियो है, जिसे विशेष रूप से कॉलेज स्तर की पढ़ाई को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इस स्टूडियो में साइंस कॉलेज के प्रोफेसर अपने-अपने विषयों के वीडियो लेक्चर रिकॉर्ड करेंगे, जो कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आवश्यकता पड़ने पर यह कंटेंट उच्च शिक्षा विभाग को भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ ले सकें।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई पहुंचाना है, जो किसी कारणवश नियमित रूप से कॉलेज नहीं आ पाते। बीमारी, दूरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों या अन्य कारणों से कई छात्र कक्षाओं से वचित रह जाते हैं। ऐसे छात्रों के लिए वीडियो लेक्चर एक सशक्त शैक्षणिक माध्यम साबित होंगे। विद्यावाणी स्टूडियो में तैयार होने वाले सभी वीडियो पूरी तरह पाठ्यक्रम आधारित होंगे, जिससे छात्रों को सिलेबस से जुड़े विषयों की व्यवस्थित और भरोसेमंद सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
आज होगा औपचारिक शुभारंभ ऑडियो-विजुअल विद्यावाणी स्टूडियो का उद्घाटन शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन के साथ ही यह स्टूडियो औपचारिक रूप से छात्रों के लिए प्रारंभ हो जाएगा।



