उत्तर से आ रही ठंडी हवा, तापमान में आएगी गिरावट
मौसम में आये बदलाव से सर्द मौसम दे रहा दस्तक

दुर्ग – इन दिनों सर्द मौसम की शुरूआत होने लगी है। प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन प्रारंभ हो गया है।इसके कारण अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास गिरावट होने की संभावना है। हाल यह है कि अलसुबह और शाम होते की ठंडी हवाएं चलने लगी है। लोगों को अब ठंड का एहसास होने लगा है।
सर्दी, खासी से घिरने लगे लोग –
मौसम के इस परिवर्तन ने लोगों को संक्रामक बीमारियों तरफ भी ढ़केल दिया है। ज्यादातर लोगों में सर्दी और खांसी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल सुपेला सहित प्राइवेट क्लीनिकों में सर्दी और खांसी पीड़ित लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के हिसाब से लोगों को अलसुबह और रात को गर्म कपड़े पहनकर इस मौसम से बचने के उपाय करने चाहिए। जिससे सर्दी, खांसी जैसी बीमारी से बचा जा सके।
आर्द्रता सुबह 79 और शाम को 60 पहुंची-
मौसम में आए बदलाव से आर्द्रता में भी परिवर्तन आया है। अलसुबह 5.30 बजे वातावरण में आर्द्रता 79 तक होती है और शाम 5.30 बजे आर्द्रता 60 तक आ जाती है। इस तरह की आर्द्रता होने की वजह से लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। रात 8 बजे के बाद यह और भी कम हो जाती है। सर्द हवाएं तेज हो जाती है।
न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस आया-
मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। शुक्रवार को दुर्ग जिले का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा है। अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है। मौसम विभाग के हिसाब से दुर्ग सहित प्रदेश में 8 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
गर्म कपड़ो का सजा बाजार पहुंचे तिब्बती-
मौसम में आ रहे बदलाव के बाद ट्विनसिटी में गर्म कपड़ों का बाजार भी सज गया है। सिविक सेंटर, सेक्टर 6 जामा मस्जिद रोड, रिसाली, सुपेला, दुर्ग राजेंद्र पार्क रोड, पॉलिटेक्नीक कॉलेज रोड, स्टेशन रोड आदि जगहों पर गर्म कपड़े बेचने वालों ने स्टॉल लगा लिया है। पिछले दो दिनों से ठंडी की स्थिति बनी है और लोग रात को वाहन चलाने के दौरान जैकेट, स्वेटर, शॉल में नजर आने लगे हैं।



