
रायपुर – बिलासपुर से नागपुर के बीच चल रही वंदेभारत एक्सप्रेस अब यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी है। यात्रियों की मांग के बाद रेलवे ने अब 8 कोच को बढ़ाकर फिर से 16 कोच कर दिया है, जिससे अब यात्रियों की वंदेभारत में समय की बचत के साथ आरामदायक सफर की सुविधा भी मिल रही है। बता दें कि 11 दिसंबर 2022 को जब नागपुर के लिए वंदेभारत का परिचालन शुरू हुआ, उस दौरान ट्रेन में 16 कोच थे। नई ट्रेन को जानने और देखने के उद्देश्य से ही बड़ी संख्या में यात्रियों ने बिलासपुर-नागपुर के बीच यात्रा की, लेकिन ट्रेन में महंगा टिकट के कारण कुछ समय बाद ही यात्रियों की संख्या कम होने लगी। इससे रेलवे इसे बंद करने की तैयारी में था, लेकिन रेलवे ने ट्रेन को बंद करने के बजाय अप्रैल 2023 में 16 कोच को घटाकर 8 कर दिया। अब फिर से 16 कोच हो गए हैं।
रायपुर और बिलासपुर से बढे मुसाफिर-
वंदेभारत में रायपुर और बिलासपुर के लिए सर्वाधिक यात्री मिल रहे हैं। कई यात्री रायपुर से बिलासपुर कम समय में पहुंचने के लिए इसमें सफर करना पसंद कर रहे हैं। इसकी मुख्य वजह यह ट्रेन समय पर पहुंचती है। इसके अलावा नागपुर के लिए भी दोनों जगह से अब कोच के अनुसार प्रयाप्त यात्री मिलने लगे हैं। बाकी एक्सप्रेस की तुलना में यह ट्रेन रद्द नहीं होती। इस वजह से यह ट्रेन अब यात्रियों के पसंदीदा सूची में शामिल हो चुकी है।
सीजन में पैक चल रही है ट्रेन-
वर्तमान में वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों की डिमांड बढ़ गई है। विशेष कर सीजन में ट्रेन पैक चल रही है। टिकटों की डिमांड बढ़ने पर सीटों की उपलब्धता कम हो गई है। ऐसे में रेलवे इसे फिर से 16 कोचों के साथ चलाने का फैसला लिया। अब ट्रेन में कुल सीटों की संख्या बढ़कर 1128 हो जाएगी। वर्तमान में केवल 50 सीटों के साथ कुल 564 यात्री ही वंदे भारत में यात्रा कर पा रहे हैं। कोच बढ़ने से सीटों की संख्या भी दोगुनी हो जाएगी, जो सुविधा सीधे यात्रियों को मिलेगी।
वन्दे भारत की खासियत –
इस ट्रेन में सिटिंग चेयर अरेंजमेंट से लेकर सीसीटीवी, फायर सेफ्टी डिवाइस, फर्स्ट-एड बॉक्स, स्मार्ट टॉयलेट, ग्लास विंडो, ऑटोमैटिक डोर, डिस्प्ले बोर्ड, एयर कंडीशनर, डीप फ्रीजर जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं।