
भिलाई – छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपनी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ यात्रा शुरू कर दी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यह यात्रा, 18 सितंबर को राजनांदगांव से होते हुए दुर्ग और भिलाई पहुंचेगी, जहाँ दो बड़ी आम सभाएं आयोजित होंगी।
पार्टी ने इस यात्रा को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजीव भवन में लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसमें कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं और उनमें उत्साह भरा जा रहा है।
यह यात्रा दुर्ग संभाग में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहाँ की कुल 20 विधानसभा सीटों में से 10 पर कांग्रेस का कब्जा है और 10 पर भाजपा का। इस रैली को एक बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, जिससे दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक सरगर्मी बढ़ सकती है।
दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने दावा किया है कि सचिन पायलट की रैली में 5,000 से अधिक लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे को बुलंद करेगी, जिसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उठाया है। आगे कहा कि “यह सोचने वाली बात है कि जिस प्रदेश में कांग्रेस की जीत का माहौल था, उस छत्तीसगढ़ में हम कैसे हार गए। इस बात को नकारा नहीं जा सकता कि केंद्र ने वोटों की चोरी की है।”
यह यात्रा राज्य में आगामी राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए एक बड़ा कदम माना जा रहा है



