नवरात्र: देवी मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब,हिंदू नववर्ष की लोगों ने एक दूसरे को दी बधाई और शुभकामनाएँ। पढ़े खबर

चैत्र नवरात्र मंगलवार से प्रारंभ हो चुके है। पहले दिन देवी मंदिरों में सुबह से ही आस्था का सैलाब देखने को मिला। मंदिरों में भव्य सजावट के साथ ही हवन पूजन और भक्ति कार्यक्रम भी शुरु हो गए। इतना ही नहीं घरों व मंदिरों में घट स्थापना कर विधि विधान से माता रानी का आवाहन किया गया।
पहले दिन शक्ति स्वरूपा मां शैल पुत्री की पूजा की गई। निर्धारित शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना कर देवी भक्तों ने सफलता के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचने के लिए शक्ति प्रदान करने की कामना की। शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में भक्त देवी मंदिरों में जाते दिखे। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली जो माता रानी का जयकारा लगाते दिखे। यह भीड़ देर रात तक रही। कई मंदिरों के बाहर मेलों का आयोजन किया। जिसमें बच्चों ने खरीदारी की।
अधिकांश मंदिरों में माता रानी का भव्य शृंगार करने के साथ ही महाआरती का आयोजन हुआ। इस मौके पर मंदिर में रंग-बिरंगी बिजली की झालर आदि लगाकर भव्य सजावट की गई।मां आदिशक्ति की साधना, आराधना और उपासना का महापर्व नवरात्र में आस्था का प्रवाह हर ओर फूट पड़ा। इसके साथ ही सिद्धि का नौदिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया है। मां के विविध स्वरूपों के दर्शन-पूजन व कृपा प्राप्ति के लिए घर-घर में कलश स्थापित किए गए। घंटा-घड़ियाल की गूंज से चौतरफा दिशाएं गूंज रही हैं।