भिलाई के साई बाबा मंदिर में डकैती, 7 नकाबपोश बदमाशों ने लूटा लाखों का सामान! पढ़े ख़बर

दुर्ग – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक बड़ी वारदात सामने आई है। सेक्टर-6 स्थित प्रसिद्ध साई बाबा मंदिर में देर रात 7 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया और बड़ी ही सुनियोजित तरीके से लाखों रुपये की चांदी की सामग्री लूटकर फरार हो गए।
बदमाश आधी रात के बाद मंदिर परिसर में घुसे। सबसे पहले उन्होंने मंदिर में लगे CCTV कैमरों के तार काट दिए ताकि वारदात का कोई सबूत न बच सके। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को पकड़कर बेरहमी से पीटा और नाइलॉन की रस्सी से उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। करीब डेढ़ घंटे तक बदमाशों ने मंदिर में लूटपाट की। इस दौरान उन्होंने साई बाबा की मूर्ति के पीछे लगी चांदी की डिजाइन, छोटी मूर्ति के ऊपर लगी चांदी की छतरी और बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के समेत लाखों रुपये की कीमती सामग्री समेट ली।
वारदात के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो शायद इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और मंदिरों सहित सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।



