
*- हितग्राहियों के पंजी रजिस्टर का कलेक्टर ने किया अवलोकन
दुर्ग – कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आज नगर पालिक निगम भिलाई में आयोजित निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण, मूल्यांकन एवं प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने पंजी रजिस्टर का अवलोकन किया। रजिस्टर में हितग्राहियों का पूरा पता दर्ज न होने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई और निर्देशित किया कि सभी प्रविष्टियां पूर्ण एवं स्पष्ट रूप से दर्ज की जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी टेबलों पर चल रहे पंजीयन कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा व्यवस्था सुचारू और पारदर्शी रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने शिविर में उपस्थित हितग्राहियों से चर्चा भी की।

*शिविर में कलेक्टर सिंह की संवेदनशीलता-
शिविर में कलेक्टर की संवेदनशीलता देखने को मिली। इसी कड़ी में शिविर में पंजीयन कराने पहुंचे एक हितग्राही के पास सभी आवश्यक दस्तावेज थे, किन्तु मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण उनका पंजीयन नहीं हो पा रहा था। इस पर कलेक्टर ने जिला चिकित्सा अधिकारी को तत्काल मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के निर्देश दिए, जिससे उनका पंजीयन सुनिश्चित हो सके।

इसी प्रकार, लगभग 25 वर्ष की एक दिव्यांग युवती, जो चलने में असमर्थ थी और अपनी बहन के साथ रहती थी, ने अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराया। परिवार में कोई कमाने वाला नहीं था और आय का कोई साधन उपलब्ध नहीं था। युवती ने आजीविका के लिए एक गुमटी प्रदान करने का निवेदन किया। इस पर कलेक्टर ने निगम आयुक्त को एक गुमटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि युवती को रोजगार का अवसर मिल सके। इस दौरान नगर निगम भिलाई आयुक्त राजीव पाण्डेय, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ए.पी. गौतम उपस्थित थे।





