प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने 21 मिनट के भाषण में 19 बार ‘भरोसा’ शब्द का किया इस्तेमाल, बोली BJP ने तोड़ा भरोसा, जनता को कांग्रेस पर भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर-दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने बस्तर पहुुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने 21 मिनट के भाषण में 19 बार भरोसा शब्द का इस्तेमाल किया। प्रियंका यहां भरोसे का सम्मेलन में भाग लेने पहुंची थीं और उनके भाषण में हर वाक्य भरोसे का ही निकला। प्रदेश कांग्रेस की अंदरुनी उठापठक के बीच प्रियंका ने अपना भरोसा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जताया और बस्तर की जनता को बताया कि सीएम बघेल उनके लिए दिल से सोचते हैं। प्रियंका में जब यह कहा कि देश में बहुत कम नेता हैं, जो जनता के लिए दिल से काम करते हैं, तो सभा में तालियां भी बजीं। राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो भरोसा सम्मेलन के बहाने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ पर भी भरोसा जताया है। प्रियंका ने जनता को यह भी बताया कि भाजपा ने किस तरह उनका भरोसा तोड़ा है।
भाजपा बोली-भरोसा नहीं, गांधी परिवार को खुश करने का सम्मेलन
भरोसे का सम्मेलन को भाजपा ने गांधी परिवार को खुश करने का सम्मेलन करार दिया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा सिर्फ गांधी परिवार का गुणगान करने का है। वे केवल बिना तेल के दिया जलाने जैसे बहकी-बहकी बातें करते हैं। यह सम्मेलन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का वन मैन शो था और सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में ऐसा कम ही होता है कि आप अपने अतिथि को दिल्ली से लेकर आएं। यह तो इंदिरा इज इंडिया का दूसरा संस्करण जैसा है। यह सब करके कांग्रेस को कोई लाभ मिलने वाला नहीं है।